संदिग्ध आतंकी अहमद रजा पाकिस्तानी आकाओं के इशारे पर युवाओं को बरगलाता था। वह अपने गांव में रहकर रात में आकाओं से इंटरनेट के जरिए बात करता था और उनके द्वारा भेजे गए वीडियो को युवाओं को शेयर कर उन्हें अपने संगठन में शामिल करने के लिए तैयार करता था। जो युवक उसके संपर्क में थे, उनमें एक को बृहस्पतिवार को आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने दबोच लिया है।
एटीएस ने अहमद रजा के एक करीबी को दबोच लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि अहमद रजा से लंबे समय से कई और लोग संपर्क में थे। उसकी गिरफ्तारी के बाद उन्होंने अपने मोबाइल बंद कर लिए लेकिन टीमें पर नजर बनाए हैं। उनसे भी एटीएस पूछताछ कर सकती है। पकड़े गए संदिग्ध को भी टीम मुरादाबाद लेकर आ सकती है। उससे भी पूछताछ में अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिल सकती है।
आतंकी अहमद रजा की गिरफ्तारी के बाद एटीएस ने दावा किया था कि अहमद रजा हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी फिरदौस निवासी अनंतनाग (जम्मू कश्मीर) के संपर्क में था। जिसके जरिए वह पाकिस्तानी आकाओं के संपर्क में आया था।
वह देश में आतंकी घटनाएं करना चाहता था। इसके लिए वह युवाओं को वीडियो दिखाकर उन्हें देश के खिलाफ भड़काकर अपने साथ तैयार कर रहा था। आतंकी अहमद रजा ने अपने घर के पास ही अमेरिकन पिस्टल छिपाई थी।