अगवानपुर। नगर पंचायत अगवानपुर बुखार से तप रहा है। सैकड़ों लोग बुखार की चपेट में हैं। स्वास्थ्य और मलेरिया विभाग की टीमें दवा की जगह मरीजों और तीमारदारों को लापरवाही बरतने पर कार्रवाई का नोटिस पकड़ा रही है।
नगर पंचायत अगवानपुर के मोहल्ला ढाप, नियारियान और सैफियान में शुक्रवार को स्वास्थ्य और मलेरिया विभागों की संयुक्त टीमों ने निरीक्षण किया। स्वास्थ्यकर्मियों ने कैंप लगाकर आशंकित मरीजों के सैंपल लिए। स्प्रे, हेल्थ चेकअप, डेंगू की जांच, मलेरिया की जांच और कोविड की सैंपलिंग की। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें मोहल्ला ढाप निवासी मोहम्मद राशिद के घर निरीक्षण को पहुंची। राशिद की चार दिन पूर्व ही डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। मकान में रुका पानी और गंदगी देखकर टीम भड़क गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने राशिद और उसके पिता साजिद को 188 की कार्रवाई का नोटिस पकड़ा दिया। राशिद ने बताया कि उसके मकान की छत पर बने छज्जे पर पन्नी लगी थी। उस पन्नी में बरसात का पानी रुक गया था। स्वास्थ्यकर्मियों ने पन्नी फाड़कर पानी निकाल दिया। टीम ने बाल्टी में रखे पानी को भी फेंकवा दिया। आगे से पानी रुका मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी देकर नोटिस थमा दिया।