मुरादाबाद। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के वीसी ने शहर के कटघर क्षेत्र में अवैध निर्माण को सील या ध्वस्तीकरण न करने पर तीन अधिकारियों का जवाब तलब किया है। गजरौला में दो अवैध निर्माण सील किए गए हैं।
विकास प्राधिकरण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि कटघर क्षेत्र के गाड़ीखाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने करीब 500 वर्ग गज में निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। उनके द्वारा स्वीकृत मानचित्र और स्वामित्व अभिलेख ना दिखाने पर प्राधिकरण की नियमावली के अंतर्गत वाद दायर किया गया था लेकिन आरोपी व्यक्ति सुनवाई में नहीं आ रहे थे, इसके बावजूद भी उक्त निर्माण को न तो सील किया गया और ना ही उसे ध्वस्त किया गया। इस मामले में लापरवाही के लिए जिम्मेदार पीठासीन अधिकारी, जोन प्रभारी और अवर अभियंता को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
इसके अलावा गजरौला के सैफी नगर, धनौरा रोड पर दो स्थानों पर अवैध निर्माण होने पर मौका दिए जाने के बाद भी निर्माण कर्ताओं ने अभिलेख आदि प्रस्तुत नहीं किए। इन निर्माण को संबंधित अधिकारियों जोन प्रभारी कवलेश्वर प्रसाद, सत्यव्रत भावल आदि अधिकारियों की टीम ने सील कर दिया है।