शाहबाद। क्षेत्र के नबीगंज जदीद गांव में जन्माष्टमी (सोमवार) की रात झांकी निकालने के दौरान दो समुदायों के बीच मारपीट-पथराव के मामले में पुलिस ने 23 लोगों को नामजद करते हुए 29 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नबीगंज जदीद में जन्माष्टमी पर झांकी निकालने के लिए कुछ लोगों ने पुलिस-प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर अनुमति मांगी थी। इस प्रार्थना पत्र पर अनुमति के आदेश नहीं हुए थे। आरोप है कि इसके बावजूद झांकी निकाली गई, जिसे लेकर आयोजकों का दूसरे समुदाय के कुछ युवकों से विवाद हो गया। देखते-देखते दोनों ओर से जुटे लोगों के बीच मारपीट और पथराव शुरू हो गया। लाठी-डंडे भी चले। इनकी चपेट में आकर पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आरोप है कि पुलिस पर भी पथराव किया गया। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए मौके से सात लोगों इकरार, इदरीस, जाकिर, रामनिवास, विनेश, मोहम्मद आरिफ और जगदीश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में अंकुर शर्मा, इकरार, इदरीश, जाकिर, रामनिवास, विनेश, जगदीश, राकेश, गुड्डू, अमरपाल कोहली, भूरे, अनिल, अंकित पांडे, रामकिशोर, इस्लाम नबी, जाबिर, सद्दाम, मोहम्मद आरिफ, शौकत, अनिल, त्रिलोकी, दिलीप पांडे, पुष्पेंद्र पांडे को नामजद करते हुए पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 336, 186, 353, 188 आदि के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।