मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में 13 फरवरी को व्यापारी के गोदाम में नौकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी नौकर और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर इस चोरी की घटना का खुलासा कर दिया। आरोपी चोर गोदाम से 13 लाख 21 हजार रुपये और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर चोर ले गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर साढ़े सात लाख रुपये बरामद कर लिए हैं।
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि गलशहीद थानाक्षेत्र के गांधीनगर निवासी विपुल रस्तोगी किराना सामान का व्यापार करते हैं। मझोला थानाक्षेत्र के मझोली तिराहे पर उनका गोदाम है। 13 फरवरी की रात चोरों ने गोदाम की दीवार में कूमल लगा कर आलमारी में रखी 13 लाख 21 हजार रुपये की नकदी और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। वारदात की जानकारी चौदह फरवरी को हुई थी। घटना के खुलासे के लिए मझोला पुलिस के अलावा एसओजी लगाई थी।
एसएसपी ने बताया कि इस मामले में शक के घेरे में आए व्यापारी के नौकर सूरज नगर पीतल बस्ती निवासी नरेंद्र माली को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के मोबाइल कॉल डिटेल के बारे में बताया कि घटना वाली रात उसकी लोकेशन मझोला क्षेत्र में क्यों थी। तब आरोपी पूछताछ में टूट गया। उसने बताया कि पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी गुलाबबाड़ी गली नंबर तीन निवासी ब्रजपाल सैनी और गुलाबबाड़ी निवासी राजीव कुमार के साथ चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी बृजपाल और राजीव को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों से साढ़े सात लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। शुक्रवार शाम पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
दीवार में कूमल लगाने के लिए राजमिस्त्री को किया घटना में शामिल
मुरादाबाद। पुलिस पूछताछ में आरोपी नौकर नरेंद्र माली ने बताया कि उसने उसे पूरी जानकारी थी कि एक सप्ताह के कलेक्शन की रकम गोदाम में रखी है। इसके लिए आरोपी ने अपने साथी राजीव को इस घटना के लिए तैयार किया, लेकिन आरोपियों के पास दीवार काटने के लिए औजार नहीं थी। इसके बाद दोनों ने अपने तीसरे साथी राज मिस्त्री बृजपाल को इस घटना में शामिल किया। तीनों आरोपी बाइक से गोदाम पर पहुंचे और पिछली दीवार अंदर घुस गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। ब्यूरो
पकड़े जाने के डर में ले गए थे डीवीआर
मुरादाबाद। एसएसपी ने बताया कि व्यापारी के गोदाम में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। नौकर को इसकी पूरी जानकारी थी। इसके अलावा नौकर को ये भी पता था कि गोदाम में कौन सा सामान कहां रखा हैं। इसलिए आरोपी को डर था कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में उनकी तस्वीरें कैद हो गई हैं। इस लिए आरोपी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने साथ निकाल कर ले गए थे।
सभी आरोपी गिरफ्तार, फिर भी पूरी रकम बरामद नहीं
मुरादाबाद। व्यापारी के गोदाम में कूमल लगाकर नकदी और डीवीआर चोरी करने वाले तीनों आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए हैं। आरोपी गोदाम से 13 लाख 21 हजार रुपये की नकदी ले गए थे। पुलिस घटना में शामिल सभी चोरों को गिरफ्तार कर चुकी है। बावजूद इसके पुलिस साढ़े सात लाख रुपये ही बरामद कर पाई है। मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह का कहना है कि आरोपी चोर पिछले बारह दिन में पांच लाख 71 हजार रुपये खर्च कर चुके हैं।