मुरादाबाद। अपनी गर्दन फंसती देख पुलिस ने लापता किशोरी को ढूंढने में पूरी ताकत झोंक दी। पुलिस ने लापता किशोरी को रातों रात खोज निकाला। पुलिस ने मात्र चार घंटे में ही किशोरी को दिल्ली के उत्तम नगर से बरामद कर मुरादाबाद ले आई। मंगलवार को कशोरी ने मेडिकल कराने से इंकार कर दिया। पुलिस का दावा है कि किशोरी अपने मित्र के घर में रह रही थी। बुधवार को किशोरी के अदालत में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
कटघर थाना क्षेत्र के सिंहमन हजारी निवासी महिला बेबी उर्फ हेमलता अपनी दो बहनें और भाभी के साथ सोमवार दोपहर दो बजे महिला थाने के सामने धरने पर बैठ गई थी। महिला ने बताया था कि 12 दिसंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे उसकी 14 वर्षीय बेटी गायब हो गई थी। कटघर थाने में किशोरी की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। अगले दिन 13 दिसंबर को सुबह करीब ग्यारह बजे महिला थाने से एक महिला सिपाही ने कॉल की और उसने बताया था कि तुम्हारी बैठी महिला थाने में बैठी है। तुम आकर अपनी बेटी को ले जाओ, लेकिन किशोरी को उसकी मां की सुपुर्दगी में नहीं दिया गया। महिला ने आरोप लगाया था कि उसकी बेटी थाने से ही गायब हुई है। कई बार प्रयास के बाद पुलिस सोमवार रात बारह बजे धरना खत्म कराने में सफल हो गई थी।
पुलिस अफसरों ने महिला को आश्वासन दिया था कि उसकी बेटी को दो दिन में बरामद कर लिया जाएगा। महिला के सामने के बाद पुलिस किशोरी की तलाश करते हुए दिल्ली के उत्तम नगर पहुंची और बरामद कर ली। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि किशोरी ने पूछताछ में बताया कि उसकी मां और मौसी उसके साथ मारपीट करती हैं, जिससे तंग आकर वह घर आ गई थी। 12 दिसंबर की रात वह नागफनी क्षेत्र में रहने वाली अपनी एक मित्र के घर पहुंची। रात में वह यहीं रुकी थी। अगले दिन 13 दिसंबर को वह मित्र से दो सौ रुपये लेकर महिला थाने आई थी। यहां मां और मौसी के खिलाफ तहरीर देने के बाद वह दिल्ली के उत्तम नगर में चली गई थी। पुलिस का दावा है कि किशोरी का उत्तम नगर में मित्र रहता है। उसकी दोस्ती फेसबुक के माध्यम से हुई थी। उस मित्र की बहन के साथ किशोरी रह रही थी। बुधवार को किशोरी के कोर्ट में बयान कराए जाएंगे। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किशोरी का आरोप, मां और मौसी करती थीं पिटाई
मुरादाबाद। एएसपी अनिल यादव ने बताया कि किशोरी ने अपनी मां और मौसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किशोरी ने अपने बयानों में बताया कि उसकी मां और मौसी उसकी शादी कराना चाहती है। जबकि वह पढ़ाई करना चाहती है। इसका विरोध करने पर ही मेरे साथ मारपीट की जाती थी, जिससे तंग आकर मैंने घर छोड़ने का निर्णय लिया था। ब्यूरो
मेरी बेटी से नहीं मिलवा रही पुलिस
मुरादाबाद। पुलिस वाले बता रहे हैं कि मेरी बेटी बरामद कर ली गई है। उसका मेडिकल कराया जा रहा है। लेकिन अभी तक मेरी बेटी से मुलाकात नहीं कराई गई है। मैं अपनी बेटी से मिलने के लिए इधर उधर भटक रही हूं। ब्यूरो
---------------
किशोरी का मेडिकल कराने से इंकार
मुरादाबाद। कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया किशोरी को दिल्ली से बरामद करने के बाद मुरादाबाद लाया गया है। उसे मेडिकल कराने के लिए जिला महिला अस्पताल लेकर गए, तो उसने मेडिकल परीक्षण कराने से साफ इंकार कर दिया। उसने अपनी मां से भी मिलने से साफ इंकार कर दिया है। अब बुधवार को उसका एक्सरे कराने के बाद कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। फिलहाल किशोरी को चाइल्ड लाइन भेज दिया गया है।