मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में भाजपा के पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह के गांव रत्तूपुरा में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-दो के अंतर्गत ठोस व अपशिष्ट प्रबंधन
कार्य के नाम पर 41.40 लाख रुपये खाते से निकाल लिए गए। डीपीआरओ के निरीक्षण में कार्य मौके पर नहीं पाया गया। डीपीआरओ कार्यालय के लेखाकार की
तहरीर पर ठाकुरद्वारा पुलिस ने रत्तूपुरा के प्रधान और पंचायत सचिव के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 के अंतर्गत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित निर्माण कार्य एवं अन्य गतिविधियां कराये जाने के लिए शासन से ग्राम पंचायत के खाते में 50,94,901 रुपये भेजे गए थे। पीएफएमएस रिपोर्ट के मुताबिक जिसमें से 20 अक्तूबर 2022 तक 41,40,505 रुपये की धनराशि व्यय हो चुकी पाई गई। इसकी जानकारी होने पर डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी ने गांव पहुंच कर स्थलीय निरीक्षण किया।
बताया जाता है वहां मौके पर अधिकांश कार्य नहीं पाये गए। कुछ कार्य आधे अधूरे पाये गए। निरीक्षण के दौरान बिना कार्य पूर्ण किए भुगतान करने का भी मामला
सामने आया। जिसपर उन्होंने जिस फर्म को भुगतान किया गया है उसके खाते को फ्रीज करा दिया है। डीपीआरओ ने निकाली गई इस धनराशि को गबन मानते हुए आरोपी ग्राम विकास अधिकारी जयलाल शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
डीपीआरओ के निर्देश पर उनके कार्यालय के लेखाकार नरेश की ओर से ठाकुरद्वारा थाने में तहरीर दी गई। जिसके आधार पर पुलिस ने ग्राम पंचायत रत्तूपुरा के
प्रधान देवेंद्र पाल सिंह और ग्राम विकास अधिकारी जयलाल शर्मा के खिलाफ शनिवार देर रात गबन और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी
ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।