सुरजन नगर क्षेत्र के बलिया गांव निवासी ओम प्रकाश मंगलवार दोपहर उत्तराखंड के मुरली वाला गांव के पास सड़क किनारे बेहोश पड़ा मिला। उनकी ई-रिक्शा मौके से गायब थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे चिकित्सक के यहां भर्ती कराया है। परिजनों ने दो लोगों पर ई-रिक्शा लूटने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों के मुताबिक ओम प्रकाश मंगलवार सुबह नौ बजे दो व्यक्तियों को ई-रिक्शा से ले जाते देखा था। लगभग 11 बजे मुरली वाला के ग्रामीणों ने शरीफ नगर जसपुर मार्ग पर सड़क किनारे बेहोशी की हालत में उसे पड़ा देखा। ग्रामीणों ने ई-रिक्शा चालक की जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की। इसके बाद फोन कर उसके परिजनों को जानकारी दी गई।
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे ओमप्रकाश के परिजनों ने उसे डॉक्टर के यहां भर्ती कराया। देर शाम तक उसे होश नहीं आया था, उसका इलाज चल रहा है। ग्रामीणों व परिजनों का आरोप है कि ओम प्रकाश को रिक्शा में बैठे दोनों व्यक्ति मुरली वाला की ओर ले गए थे। उन्हीं ने उसको नशा सुंघा कर बेहोश कर सड़क किनारे छोड़ दिया और उसकी ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए।