मुरादाबाद। परिवहन निगम के ड्राइवर-कंडक्टरों की लंबी छुट्टी ने यात्रियों को परेशान कर दिया है। दीपावली-भैयादूज और गंगा मेले के दौरान लगातार ड्यूटी करने वाले ड्राइवर-कंडक्टर अब छुट्टियां मना रहे हैं। नतीजतन मुरादाबाद डिपो पर स्टाफ की कमी हो गई है। यात्रियों को कभी दिल्ली तो कभी मेरठ की बसों के लिए घंटो इंतजार करना पड़ रहा है। मंगलवार को तकरीबन 200 यात्री मेरठ की बसों के इंतजार में मुरादाबाद डिपो पर काफी देर तक बैठे रहे।
परेशान यात्री कभी पूछताछ केंद्र तो कभी बस अड्डे के इंचार्ज के कक्ष में जाकर अपनी परेशानी बता रहे थे। दोपहर 12 बजे से साढ़े तीन बजे तक बस अड्डे पर यही हाल रहा। हालांकि एआरएम सोमपाल सिंह और स्टेशन प्रभारी किशनपाल सिंह व्यवस्थाएं बनाने में जुटे रहे, लेकिन स्टाफ न होने के कारण कोई हल नहीं निकल सका। तीन घंटे की अवधि में सिर्फ एक बस मेरठ के लिए रवाना हो सकी। साढ़े तीन बजे के बाद जब सोहराबहगेट डिपो और गढ़ मुक्तेश्वर डिपो की बसें आईं, तो यात्रियों ने राहत ने राहत की सांस ली। पिछले कुछ दिनों से बस अड्डे पर यही सिलसिला चल रहा है। एआरएम का कहना है कि स्टाफ के छुट्टी पर होने से व्यवस्था गड़बड़ा रही है। कुछ ड्राइवर-कंडक्टरों से संपर्क कर ड्यूटी पर लौटने के लिए कहा गया है। बुधवार से स्टाफ की संख्या में बढ़ोतरी होगी।