मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में शुक्रवार सुबह रामगंगा पुल पर रोडवेज की बस ने कार में टक्कर मार दी। इस हादसे में दो व्यापारी घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक हापुड़ जनपद के गढ़मुक्तेश्वर निवासी प्रीतम और हरियाणा के करनाल निवासी देवीलाल चावल व्यापारी हैं। शुक्रवार सुबह दोनों व्यापारी रामपुर के बिलासपुर चावल खरीदने जा रहे थे। कटघर थानाक्षेत्र में रामगंगा नदी के पुल पर इनकी कार में रोडवेज की बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि प्रीतम और देवीलाल घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एंबुलेंस कर्मी मौके पर पहुंच गए। घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया। हादसे की सूचना मिलने पर मुरादाबाद में रहने वाले घायलों के परिचित अस्पताल आ गए। वह उपचार कराने के बाद अपने साथ ले गए। कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि अभी तक हादसे से संबंधित में थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।