मुरादाबाद। मुरादाबाद डिपो से महज 10 मीटर की दूरी पर बुधवार को दोपहर तकरीबन दो बजे रोडवेज बस खराब हो गई। सड़क के बीचोंबीच बस खराब होने के कारण अन्य वाहनों को काफी परेशानी हुई और सड़क पर भीषण जाम लग गया। सूचना डिपो में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के पास पहुंची तो उन्होंने क्रेन भेजकर बस को सड़क से हटवाया। तब जाकर जाम खुला।
दरअसल, रोडवेज बस का सेल्फ खराब हो गया था। बस मेरठ से मुरादाबाद आ रही थी। यात्रियों का कहना था कि रास्ते में भी बस दो बार खराब हुई थी। ड्राइवर ने जैसे तैसे स्टार्ट कर बस को डिपो तक पहुंचाया था। इसके अलावा मुरादाबाद डिपो की ही एक अन्य जनरथ बस दोपहर तीन बजे निकली थी। डिपो से कुछ दूरी पर ही रेलवे स्टेशन के पास से बस को वापस लाना पड़ा। इस बस में सवार यात्रियों ने परिचालक से एसी खराब होने की शिकायत की थी। इसके बाद डिपो से दूसरी जनरथ बस दिल्ली के लिए रवाना की गई। ज्ञात हो कि रास्ते में इस प्रकार बसों के खराब होने की समस्या अब आम हो गई है।
कार्यशाला में सामान की कमी होने के कारण बसों की मेंटिनेंस ठीक से नहीं होती। रास्ते में बसें खराब होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। मुरादाबाद डिपो के एआरएम सोमपाल सिंह का कहना है कि बस में नया सेल्फ लगवा दिया गया है। साथ ही जनरथ बस की एसी को भी ठीक कराया जा रहा है।