मुरादाबाद में सड़क सुरक्षा सप्ताह में ट्रिपल राइडिंग जारी है। सोमवार सुबह फिर एक बाइक पर सवार तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें दो की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वाले दोनों युवक आपस में ममेरे फुफेरे भाई थे।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाला आकाश (18) मूंढापांडे थानाक्षेत्र के बूजपुर मान गांव निवासी था, जबकि दूसरा मृतक राजपाल (30) रूद्रपुर के रहना वाला था। बताया जा रहा है कि आकाश, उसके फुफेरे भाई राजपाल व विनय पाल सोमवार सुबह करीब चार बजे बाइक से मुरादाबाद किसी से मिलने जा रहे थे।
मूंढापांडे थानाक्षेत्र में दिल्ली लखनऊ हाईवे पर जीरो प्वाइंट के पास इनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। राहगीरों ने तीनों को घायल अवस्था में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया, जहां चिकित्सकों ने आकाश और राजपाल को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि विनय की हालत गंभीर होने पर उसे भर्ती कर लिया गया है।
सूचना मिलने पर आकाश के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। परिवार के लोगों ने बताया कि आकाश मुरादाबाद में पीतल फैक्टरी में नौकरी करता था, जबकि राजपाल रूद्रपुर में ही फैक्टरी में नौकरी करता है। राजपाल और विनय यहां अपने मामा के घर बूजपुर मान गांव में आए थे। मूंढापांडे थाना प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए गए हैं। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।