मुरादाबाद। वैक्सीन की फर्जी डोज के मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने अभी रिपोर्ट नहीं दर्ज की है। हालांकि एलआईयू ने सक्रियता दिखाते हुए डीआईओ कार्यालय से संपर्क साधा है। इस संबंध में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी से जानकारी ली।
पांच दिन पहले शहर में टीकाकरण में फर्जीवाड़े का मामला सामने आ गया था। बिना टीकाकरण 200 रुपये लेकर सर्टिफिकेट जारी करने का ऑडियो वायरल हुआ। ऑडियो में लालबाग इलाके में 200 रुपये लेकर टीका लगवाए बिना सर्टिफिकेट जारी होने बात सामने आई थी। इसके बाद में भाजपा ने वायरल ऑडियो के आधार पर सीएमओ से शिकायत की थी। विभाग तीन दिनों तक अपने स्तर पर छानबीन करता रहा।
रविवार को जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा ने मुगलपुरा थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। हालांकि दूसरे दिन सोमवार को भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। दूसरी ओर, संभावित तीसरी लहर को देखते हुए वैक्सीन की फर्जी डोज का खेल मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि एलआईयू ने कार्यालय आकर संपर्क किया था। उन्हें प्रकरण से संबंधित जानकारी दी गई है।
- ये मामला टीकाकरण का है। स्वास्थ्य विभाग को खुद जांच करके पता लगाना चाहिए कि सर्टिफिकेट कहां बने हैं। उनकी जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। - अमित कुमार, थाना प्रभारी मुगलपुरा