मुरादाबाद। एक साप्ताहिक समाचार पत्र में मुस्लिम धर्मगुरुओं की एक विशेष पार्टी के पक्ष में लोगों से मतदान करने की फर्जी अपील छापने को लेकर रविवार को विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस प्रत्याशी की शिकायत पर हरकत में आए प्रशासन ने छापा मारकर प्रिंटिंग प्रेस में छपी रखी करीब 1400 प्रतियों को जप्त कर लिया। बाद में कांग्रेस प्रत्याशी की तहरीर पर संबंधित समाचार पत्र के संपादक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। हिरासत लेकर पूछताछ के बाद संपादक को छोड़ दिया गया। वहीं धर्मगुरुओं ने कहा कि हमने किसी भी पार्टी विशेष को वोट देने की कोई अपील नहीं की है।
पुलिस के मुताबिक मुरादाबाद से प्रकाशित एक साप्ताहिक समाचार पत्र में शहर इमाम हकीम सैयद मासूम अली आजाद और शिया धर्मगुरु मुजफ्फर हुसैन तोराबी की एक अपील प्रकाशित की गई है। जिसमें एक पार्टी विशेष के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की गई है। जबकि दोनों धर्म गुरुओं द्वारा इस तरह की कोई अपील की ही नहीं गई है।
कांग्रेस प्रत्याशी हाजी रिजवान कुरैशी और उनके समर्थकों ने यह अपील देखी तो इस पर आपत्ति जताई। समाचार पत्र लंगड़े की पुलिया स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस में छपने की बात सामने आने पर हाजी रिजवान के कई समर्थक वहां भी पहुंचने लगे। दो राजनीतिक दलों के समर्थकों में विवाद की स्थिति की आशंका को देख प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अतिरिक्त मजिस्ट्रेट चारुल यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी कटघर आशुतोष तिवारी, गलशहीद थाना प्रभारी लोकेंद्र त्यागी पुलिस बल के साथ के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने संबंधित प्रिंटिंग प्रेस पर छापा मारकर कर वहां रखी करीब 1400 प्रतियां जप्त कर ली है। पुलिस को प्रिंटिंग प्रेस का स्वामी मौके पर नहीं मिला। पुलिस ने प्रिंटिंग प्रेस को बंद करने के बाद वहां मौजूद लोगों व आसपास के लोगों से भी बात की।
सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि मुरादाबाद शहर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी हाजी रिजवान कुरैशी की तहरीर पर जिगर की आवाज अखबार के संपादक जावेद जाफरी के खिलाफ निर्वाचन को प्रभावित करने का प्रयास कर आचार संहिता का उल्लंघन और वैमनस्यता फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित समाचार पत्र के संपादक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था, बाद में नोटिस देकर छोड़ दिया गया। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
- मेरा किसी भी राजनीतिक दल से कोई लेना देना नहीं है। मेरे लिए सभी बराबर हैं। मैंने किसी विशेष पार्टी के पक्ष में मतदान की कोई अपील ही नहीं की है। सभी लोग स्वतंत्र ढंग से अपना मतदान करें। - हकीम सैयद मासूम अली आजाद, शहर इमाम
- मैं पिछले एक सप्ताह से शहर से बाहर हूं। आज ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक साप्ताहिक समाचार पत्र में मेरे हवाले से एक पार्टी विशेष के लिए अपील छपी होने की जानकारी मिली है। मेरा राजनीति से कुछ लेना देना नहीं है। सभी लोग अपने-अपने पसंद के उम्मीदवार को मतदान करें। - डॉ. मुजफ्फर सुल्तान हसन तोराबी, शिया धर्मगुरु
- एक साप्ताहिक समाचार पत्र में कुछ धर्मगुरुओं की फर्जी अपील प्रकाशित करने का मामला सामने आया है। इस मामले में शहर के कांग्रेस प्रत्याशी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह पेड न्यूज की श्रेणी में आता है। जिसके लिए संबंधित समाचार पत्र के संपादक को नोटिस जारी किया गया है। दर्ज मुकदमे की विवेचना थाना पुलिस कर रही है। विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। - शैलेंद्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी
संपादक के बयान वीडियो वायरल
मुरादाबाद। साप्ताहिक समाचार पत्र के संपादक का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वह एक पार्टी के प्रत्याशी और उनके साथी का नाम ले रहे हैं। वीडियो में वह उन दोनों के कहने पर ही धर्मगुरुओं की अपील छापने की बात कहते नजर आ रहे हैं।