मुरादाबाद। गाजियाबाद के व्यापारी को मझोला थानाक्षेत्र में हाईवे पर घेरकर मारपीट की गई। पुलिस ने इस मामले में एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सिविल लाइंस के मधुबनी निवासी विपिन चड्ढा गाजियाबाद के इंद्रापुरम शिपरा सन सिटी में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 27 दिसंबर 2020 को वह अपने किसी आवश्यक कार्य से गाजियाबाद से मुरादाबाद आए थे। आरोप है कि रात करीब 10 बजे मझोला क्षेत्र में दिल्ली रोड पर चौधरी चरण सिंह चौक के पास उन्हें अजय चड्डा निवासी आजाद नगर कृष्णा नगर ईस्ट दिल्ली ने अपने दो साथियों के साथ मिल कर विपिन की गाड़ी को रोक लिया। आरोपियों ने उन्हें गाड़ी से निकाल कर पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने धमकी दी कि फैसला कर ले अन्यथा तुझे व तेरे परिवार को जान से मार दूंगा। पीड़ित ने इस घटना की जानकारी मझोला पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सीओ इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।