वाशिंग लाइन न होने के कारण बरेली से चलाई जा रही ट्रेन
मुंबई की सीधी ट्रेन चलाने की मांग मुरादाबाद से उठी थी इस बीच उत्तर रेलवे के कई जीएम बदले लेकिन इस समस्या का विकल्प नहीं ढूंढ पाए। पूर्व जीएम आशुतोष गंगल ने कहा था कि मुरादाबाद में नई वाशिंग लाइन नहीं बनाई जा सकती, इसलिए यहां से ट्रेन चलाना संभव नहीं है।
जबकि पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन का कहना है कि यूपीए सरकार के समय रेलवे को जमीन सुझाई गई थी लेकिन वहां वाशिंग लाइन नहीं बनी। अब आखिरकार लोगों की मांग पूरी होने की उम्मीद दिखी है। ट्रेन बेशक बरेली से चलेगी लेकिन मुरादाबाद से होकर गुजरेगी।
फिलहाल देशभर में चल रही हैं चेयरकार वाली वंदेभारत
वर्तमान में देशभर में चेयरकार बोगियों वाली वंदेभारत ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। स्लीपर वंदेभारत का निर्माण फैक्टरियों में चल रहा है। कुछ रैक बन चुके हैं। अब जल्द ही उन्हें ट्रैक पर चलाने की योजना है।
इस योजना के अंतर्गत ही मुरादाबाद मंडल ने अपना प्रस्ताव बनाकर भेजा है। बरेली-मुबंई स्लीपर वंदेभारत देश में सबसे पहले चलने वाली स्लीपर वंदेभारत ट्रेनों में से एक होगी। जनवरी या फरवरी 2025 में इसका संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
बरेली-मुंबई स्लीपर वंदेभारत ट्रेन का रूट इस प्रकार बनाया गया है, जिससे मुरादाबाद के यात्रियों को लाभ मिले। यहां के लोगों की लंबे समय से मांग थी कि मुंबई के लिए सीधी ट्रेन चले। आगे का कार्य मुख्यालय स्तर पर होना है। दूसरे मंडल भी इस ट्रेन के लिए रूट प्लान देंगे। - आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम