बारिश के कारण मुरादाबाद-लखनऊ रेलमार्ग पर जगह-जगह पानी भर गया। इसके कारण लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें बीच के स्टेशनों पर रोकनी पड़ीं। शाम छह बजे ट्रैक से पानी हटाए जाने के बाद रेल संचालन सुचारु हुआ। मुरादाबाद मंडल के रुड़की स्टेशन पर भी पानी भरने से जम्मू जाने वाली ट्रेनें लेट हुईं।
पीलीभीत में रेलवे की पुलिया बारिश के कारण पानी में बह गई। इसकी वजह से पूर्णागिरी जनशताब्दी एक्सप्रेस व टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस इज्जतनगर स्टेशन पर ही रोकनी पड़ी। दोनों ट्रेनें इससे आगे नहीं गईं, जबकि टनकपुर से दिल्ली के लिए वापस चलने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस रद्द करनी पड़ी।
इसके कारण तीन हजार से ज्यादा यात्रियों को परेशानी हुई। पूर्णागिरी जाने वाले श्रद्धालु भी सड़क मार्ग से गए। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि दोनों ट्रेनों का संचालन उत्तर पूर्वी रेलवे का इज्जतनगर मंडल करता है।
सोमवार को (12035) टनकपुर-दिल्ली पूर्णागिरी जनशताब्दी रद्द रही, जबकि दिल्ली से टनकपुर जाने वाला रेक इज्जतनगर स्टेशन पर ही रोक दिया गया। मुरादाबाद-रामनगर व लालकुआं पैसेंजर को कोसी नदी के पुल पर पानी आने के कारण रद्द कर दिया गया।
हालांकि, इज्जतनगर मंडल की ओर से इस विषय में कोई सूचना नहीं दी गई है। डीआरएम ने यात्रियों से अपील की है कि एनटीईएस एप या रेल मदद 139 पर कॉल कर संचालन की स्थिति जानने के बाद ही यात्रा पर निकलें।