टांडा (रामपुर)। क्षेत्र के एक गांव में देह व्यापार का धंधा चलने का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने तहसील में प्रदर्शन किया। इसके बाद कोतवाली प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
नगर के रामपुर रोड से सटे एक गांव की कुछ महिलाएं बुधवार को एकत्र होकर तहसील पहुंचीं। महिलाओं ने एसडीएम से मुलाकात कर आरोप लगाया कि उनके गांव में एक महिला द्वारा देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है। आरोपी महिला किशोरियों को अपने जाल में फंसा लेती है। ग्रामीणों ने कई बार आरोपी महिला के घर पर कई लोगों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा है। जब लोग इस धंधे का विरोध करते हैं तो वह उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देती है। आरोपी महिला के विरुद्ध विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले भी दर्ज है। गुरुवार को तहसील के बाद महिलाएं एकत्र होकर कोतवाली पहुंचीं और कोतवाली प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। कोतवाल गौरव सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की शिकायत मिली है, जल्द ही शिकायत की जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।