जिला जेल के एक बंदी की मौत हो गई। वह 23 अप्रैल से जेल अस्पताल में भर्ती था। शुक्रवार शाम हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, संभल जनपद के चंदौसी थानाक्षेत्र के मोहल्ला राज निवासी होरी लाल (28) हलवाई था। 21 अप्रैल को चंदौसी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। आरोप है कि वह निर्वस्त्र होकर एक घर में घुस गया था। उस वक्त घर में महिलाएं मौजूद थीं। पुलिस ने उसके खिलाफ छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था।
जेल अधीक्षक विरेश राज शर्मा ने बताया कि 23 अप्रैल को होरी लाल को हाईपर टेंशन की दिक्कत के चलते जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका इलाज किया जा रहा था। शुक्रवार शाम अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर किया दिया गया था। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।