सिपाही को चकमा देकर अस्पताल से बंदी फरार
चरस तस्करी में शुक्रवार को जेल भेजा गया आरोपी रविवार को जिला कारागार की गार्द के सिपाही को चकमा देकर जिला अस्पताल से फरार हो गया। शनिवार रात उसे मिर्गी का दौरा पड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसने टॉयलेट जाने के लिए हथकड़ियां खुलवाईं और फरार हो गया। दिनभर पुलिस उसे ढूंढती रही लेकिन बंदी नहीं मिला। कारागार अधीक्षक ने सिपाही को सस्पेंड कर दिया है, सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बंदी गयूर पुत्र आबिद हापुड़ के सिखेड़ा गांव का रहने वाला है। शुक्रवार को मझोला पुलिस ने गयूर को बुद्धा पार्क से चरस तस्करी में पकड़ा था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट लगाते हुए उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। शनिवार रात को जेल में गयूर को घबराहट और मिर्गी का दौरा पड़ने पर डाक्टर की सलाह पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार को उसे डाक्टरों ने मेरठ रेफर कर दिया था। मेरठ मेडिकल कालेज भेजे जाने से पूर्व दोपहर करीब 12:45 बजे गयूर ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में शौचालय जाने के लिए हथकड़ी खुलवाई। शौचालय जाने के बहाने वो फरार हो गया। मौके पर मौजूद जिला कारागार के सिपाही राजपाल सिंह ने उसका पीछा करने की कोशिश की लेकिन गयूर रफू चक्कर हो गया। कारागार अधीक्षक बीआर वर्मा ने बताया कि सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जिला अस्पताल से बंदी फरार होने की सूचना पर पुलिस टीम तलाशने के लिए जुटाई है। बंदी की सुरक्षा में जिला कारागार का सिपाही लगा था। सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। - -नितिन तिवारी एसएसपी मुरादाबाद