मुरादाबाद सिविल लाइंस थाने में भाजपा नेता से अभद्रता और उनके भांजे को पटे से पीटना दरोगा महेश कुमार सिंह और सिपाही कुलदीप को महंगा पड़ गया। दोनों का तबादला मुरादाबाद से करीब 627 किलोमीटर दूर भदोही किया गया है। दो दिन पहले ही दरोगा और सिपाही को एसएसपी ने लाइन हाजिर किया था।
शहर विधायक रितेश गुप्ता और मेयर विनोद अग्रवाल शुक्रवार रात भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ डीआईजी शलभ माथुर से मिले थे। उन्होंने जिगर कालोनी चौकी प्रभारी महेश कुमार सिंह और सिपाही कुलदीप की शिकायत की थी। भाजपा नेताओं ने बताया था कि भाजपा के सिविल लाइंस मंडल के अध्यक्ष सोनू सुमन का भांजा अभिषेक शर्मा सिविल लाइंस थाने के सामने मोबाइल सर्विस सेंटर में नौकरी करता है।
मोबाइल ठीक कराने को लेकर कुछ लोगों का सेंटर के कर्मचारियों से विवाद हो गया था। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि थाने में जिगर कालोनी चौकी प्रभारी महेश कुमार सिंह और सिपाही ने अभिषेक शर्मा, उसके साथी कर्मचारी रवि कांत और जब्बाद की पटे से पिटाई की थी।
सूचना मिलने पर भाजपा नेता सोनू सुमन थाने पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता की गई थी। डीआईजी शलथ माथुर के निर्देश पर एसएसपी बबलू कुमार ने सीओ सिविल लाइंस इंदू सिद्घार्थ से प्रकरण की जांच कराई। जांच रिपोर्ट आने के बाद एसएसपी बबलू कुमार ने दोनों को लाइन हाजिर कर दिया है। अब दरोगा और सिपाही का मुरादाबाद से दूर करीब 627 किलोमीटर दूर भदोही तबादला किया गया है।
डिप्टी सीएम से की गई थी मामले की शिकायत
भाजपा नेताओं ने डीआईजी शलभ माथुर से शिकायत करने के बाद डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य से भी शिकायत की थी। भाजपा नेता से अभद्रता और भांजे की पिटाई का मामला लखनऊ तक पहुंच गया था। इसके बाद ही यह कार्रवाई की गई है।