नई दिल्ली एसी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन 10 सितंबर से नए थ्री टियर एसी इकोनॉमी कोचों के साथ चलेगी। यह ट्रेन मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर होते हुए लखनऊ से दिल्ली का सफर तय करेगी।
रेल यात्रियों को रेलवे एक नई सुविधा देने जा रहा है। 10 सितंबर से रेल यात्री नई दिल्ली एसी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन में लगभग स्लीपर जितने किराये पर थ्री टियर एसी कोच में सफर कर पाएंगे। उत्तर रेलवे नई दिल्ली से लखनऊ के बीच चलने वाली इस ट्रेन में नए थ्री टियर एसी इकोनॉमी कोचों को जोड़ रहा है। यह ट्रेन मंडल में मुरादाबाद, बरेली और शाहजहांपुर से होकर गुजरती है। इससे उत्तर रेलवे के दिल्ली, मुरादाबाद और लखनऊ मंडल के यात्री लाभान्वित होंगे।
विज्ञापन
नए इकोनॉमी एसी-3 कोचों में सामान्य एसी-3 कोच के मुकाबले ज्यादा सुविधाएं मिलेंगी। इसमें दिव्यांगों के लिए दरवाजों पर व्हील चेयर से चढ़ने उतरने की सुविधा मिलेगी। बाथरूम भी दिव्यांगजनों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किए गए हैं। कोच में लैपटॉप, मोबाइल चार्ज करने के लिए आपको अलग प्वाइंट भी मिलेंगे।
मध्य और ऊपरी बर्थ पर चढ़ने के लिए सीढ़ियां भी दी गई हैं। भारतीय रेलवे का लक्ष्य है कि वर्ष 2021 के अंत तक कम से कम 800 इकोनॉमी क्लास एसी-3 कोचों का निर्माण किया जाए। इन 800 कोचों में से 300 कोच इंटीग्रल कोच फैक्ट्री चेन्नई में बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा 177 कोच कपूरथला रेल कारखाने में और 285 कोच रायबरेली के मॉडर्न कोच फैक्टरी में तैयार हो रहे हैं।
विज्ञापन
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह का कहना है कि इन कोचों के ट्रेनों में जोड़े जाने से यात्रियों को आर्थिक लाभ मिलेगा। कम किराये में बेहतर सुविधाएं मिलने से रेलवे की छवि और सुदृढ़ होगी। उन्होंने बताया कि धीरे-धीरे अन्य ट्रेनों में भी इन कोचों को जोड़ा जाएगा।