मुरादाबाद। मैनाठेर थानाक्षेत्र में रहने वाले ट्रक चालक ने एक दरोगा पर लूट का मुकदमा दर्ज करने के नाम पर दो हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना मैनाठेर थानाक्षेत्र के बरेठा खिरजपुर गांव की है। इस गांव में ट्रक चालक सजारुल का परिवार रहता है। सजारुल ने एसएसपी कार्यालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 12 सितंबर की रात वह बाहर गया था। घर में पत्नी शबाना अकेली थी। रात करीब बारह बजे नाकाब पोश 1दीवार फांद कर घर में घुस गया। उसके हाथ में तमंचा था। आरोपी ने शबाना को तमंचे के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद महिला के कुंडल और दुरियां खींच ली। छीनाझपटी में महिला ने आरोपी बदमाश का चेहरे से नाकाब हटा दिया था। रोशनी होने के कारण महिला ने आरोपी बदमाश को पहचान लिया था।
इसके बाद बदमाश मौके से भाग गया। महिला ने इस मामले की सूचना अपने पति और यूपी 112 पर कॉल कर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। सूचना मिलने पर पति भी घर आ गया। इसके बाद वह पत्नी को लेकर थाने पहुंचा और आरोपी बदमाश के खिलाफ तहरीर दी।
आरोप है कि इस दौरान रिपोर्ट दर्ज करने के नाम पर एक दरोगा ने दो हजार रुपये भी लिए। बावजूद इसके लूट की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। एसएसपी बबलू कुमार ने मैनाठेर थाना प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। साथ ही दरोगा के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए गए हैं।