कांठ। छात्रा को अगवा करने के मामले में नामजद होकर फरार चल रहे मुख्य आरोपी की संपत्ति को पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रविवार को कुर्क की। इस दौरान पुलिस आरोपी के घर से लाखों का सामान जब्त की। पुलिस जब्त किए गए सामानों की कीमत का आंकलन करने में जुटी है।
कांठ नगर के एक मोहल्ला निवासी सत्रह वर्षीय बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा को बीते एक अप्रैल की शाम मोहल्ले निवासी युवक फैजान अगवा कर ले गया था। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने फैजान के साथ उसके परिवार के मुकीम, ताजुद्दीन, नबाव, इरफान, सुलेमान, शहजाद, शहनावाज, जहांगीर, आलम, आरिफ आदि के खिलाफ अपहरण सहित अन्य कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। लेकिन आरोपी आज तक नहीं पकड़ा गया, ना ही उसका पता चला। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने फैजान पर इनाम घोषित किया। 23 अप्रैल को कोर्ट के आदेश पर कांठ थाने की पुलिस ने फैजान की संपत्ति की संपत्ति कुर्क करने की मुनादी कराई थी। इसके बाद भी आरोपी का पता नहीं चला। इस पर 82 की कार्रवाई का समय पूरा होने पर पुलिस रविवार को फरार आरोपी फैजान के घर पर कुर्की की कार्रवाई की।