प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी वर्चुअल रैली के दौरान सपा सांसद आजम खां का नाम लिए बिना निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रामपुर के गरीबों, दलितों और पिछड़ों से बेहतर अवैध कब्जे की पीड़ा को कौन समझ सकता है। जिन नकली समाजवादियों ने दलितों की जमीनों पर कब्जे किए, उन लोगों को आज वोट के लिए बाबा साहब आंबेडकर की याद आ रही है। रामपुर और समस्त उत्तर प्रदेश का दलित समाज ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगा।
मंगलवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से रामपुर के मतदाताओं को संबोधित किया। जिले में बीस स्थानों पर प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। इसमें मिलक, चमरौआ, रामपुर, स्वार और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत ही रामपुर के नाम से की।
इसके बाद सपा सांसद आजम खां का नाम तो नहीं लिया, लेकिन उन पर जमकर निशाना साधा। कहा कि रामपुर के गरीबों, दलितों, पिछड़ों से बेहतर कौन अवैध कब्जे की पीड़ा को कौन समझ सकता है। जिन नकली समाजवादियों ने दलितों की जमीन पर कब्जा किया था, उनको आज वोट के लिए बाबा साहेब आंबेडकर याद आ रहे हैं।
कहा कि योगी जी के बुलडोजर से तो वैसे ही भूमाफिया बेचैन हैं और रामपुर वाले तो इस बेचैनी के साक्षी भी रहे हैं। कहा कि यूपी में जब माफियावादी सरकार थी, तो ये लोग हर खाली प्लाट पर अपना झंडा गाड़कर जमीनों पर अवैध कब्जे कर लिया करते थे। क्योंकि, गांव में जमीनों के कोई कागजात तो होते नहीं थे, लेकिन हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीणों को घरौनियां देनी शुरु कर दीं। इसमें तो उत्तर प्रदेश की सरकार ने सबसे अच्छा काम किया है।