मुरादाबाद। ग्राम पंचायतों में प्रशासकों के कार्यकाल में विकास के नाम पर खर्च की गई 38 करोड़ रुपये की धनराशि मामले की शासन से पहुंची टीम ने जांच के बाद रिपोर्ट बुधवार को अपर मुख्य सचिव पंचायती राज को सौंप दी है। सूत्रों के मुताबिक टीम की इस जांच रिपोर्ट में दोनों विकास खंडों की संबंधित सभी 20 ग्राम पंचायतों में काफी कमियां पाई गईं हैं। इससे इन सभी ग्राम पंचायतों से जुड़े सचिवों व एडीओ पंचायतों के खिलाफ कार्रवाई होना तय माना जा रहा है।
ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही प्रधानों का कार्यकाल 25 दिसंबर 2020 को खत्म हो गया था और 26 दिसंबर 2020 से ग्राम पंचायतों की बागडोर संबंधित विकास खंड में तैनात एडीओ (पंचायत) व ग्राम पंचायत सचिव के हाथ में बतौर प्रशासक आ गई थी। नवनिर्वाचित प्रधानों के शपथ ग्रहण के साथ ही 27 मई 2021 को प्रशासकों का कार्यकाल खत्म हो गया था। इस कार्यकाल में प्रशासकों ने जिले के सभी आठ विकास खंड क्षेत्रों में करीब 38 करोड़ रुपये विकास कार्य के नाम पर खर्च किए।
इसमें आनन-फानन तमाम भुगतान बिना कार्य के ही कर दिए गए थे। जबकि कई सामग्री बाजार मूल्य से अधिक दामों पर खरीदी दिखाई गई। साफ-सफाई, हैंडपंप रिबोर, वाटर कूलर, फॉगिंग मशीन, स्प्रे किट आदि की खरीद में भी अनियमितता बरती गई। अमर उजाला की पड़ताल में इस मामले के खुलासे का मामला मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा तो शासन से विशेष सचिव पंचायती राज शाहिद मंजर अब्बास रिजवी की अगुवाई में गठित पांच सदस्यीय टीम ने 26 सितंबर को यहां पहुंचकर 28 सितंबर तक कुंदरकी और मूंढापांडे की दस-दस ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों की पड़ताल की। टीम को मौके पर काफी कमियां मिलीं थीं।
सूत्रों के मुताबिक शासन की इस जांच टीम ने बुधवार को अपनी जांच रिपोर्ट अपर मुख्य सचिव पंचायती राज को सौंप दी है। बताया जाता है कि टीम ने दोनों विकास खंडों के जिन 20 ग्राम पंचायतों में प्रशासकों के कार्यकाल के दौरान कराए गए कार्यों की जो रिपोर्ट सौंपी है, उनमें सभी ग्राम पंचायतों में कमियां मिली हैं। सूत्रों का मानना है कि शासन जल्द ही इस जांच रिपोर्ट का संज्ञान लेगा। इससे संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिवों व एडीओ पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
शासन के निर्देश पर इन अधिकारियों ने की है जांच
- शाहिद मंजर अब्बास रिजवी, विशेष सचिव पंचायती राज
- अवधेश कुमार खरे, उप सचिव पंचायती राज विभाग
- एसएन सिंह उपनिदेशक पंचायती राज
- अमित कुमार वर्मा, राज्य समन्वयक (पंचायत), पंचायती राज विभाग
- संतोष कुमार सिंह, राज्य समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) पंचायती राज निदेशालय
इन ग्राम पंचायतों में टीम कर चुकी जांच जांच
विकास खंड मूंढापांडे: सरकड़ा खास, सिरसखेड़ा, नार खेरा, देवापुर मुस्तकम, चमरोहा, दलपतपुर, मोहम्मदपुर, बीरपुर बरियानपुर खड़ग, बीरपुर थान, सिहोरा बाज।
--
विकास खंड कुंदरकी: सोनकपुर, रतनपुर कलां, मोहम्मदपुर बस्तौर, चंदुर मंगोल, लालपुर हमीर, नानपुर, मैनाठेर, कादरपुर मस्ती, चक फाजल, इमरतपुर ऊधौ।