मुरादाबाद। 15 वें वित्त आयोग की यूनाइटेंड ग्रांट की धनराशि से संबंधित नगर निगम की बैठक शुक्रवार को संपन्न हुई। मेयर विनोद अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण के लिए मिली धनराशि के व्यय पर कार्ययोजना तैयार की गई। इसमें सड़क, नाला निर्माण से लेकर अटल घाट और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए रुपयों का निर्धारण किया गया।
सड़क, नाला निर्माण और अटल घाट के लिए 1050 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। शासन की 100 दिन की महत्वपूर्ण योजना के तहत शहर के सौंदर्यीकरण के लिए साढ़े चार लाख रुपये, पथ प्रकाश के लिए डेढ़ लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा महानगर के अन्य कार्यों पर साढ़े आठ करोड़ रुपये रोड राज्य वित्त आयोग निधि से खर्च किए जाने को मंजूरी मिली है। इस प्रकार महानगर को स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट बनाने के लिए 25 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना पर सहमति बनी है। बैठक में नगर आयुक्त संजय चौहान, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग, एमडीए के प्रतिनिधि, अपर नगर आयुक्त प्रथम, मुख्य अभियंता, महाप्रबंधक (जल) आदि अधिकारी मौजूद रहे।