मुरादाबाद। रविवार को अवकाश के दिन भी जिले के धान क्रय केंद्र खुलेंगे और किसानों का धान खरीदा जाएगा। डीएम के निर्देश जारी होने के बाद शाम तक इसकी तैयारियां चली। जिले में लक्ष्य के सापेक्ष खरीद का आंकड़ा कम होने के कारण खरीद बढ़ाने को ये निर्णय लिया गया है।
इस बार शासन ने जिले में 1.18 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य दिया है, लेकिन अभी तक जिले में 25026 मीट्रिक टन खरीद हुई है। जनपद में अभी तक 21 प्रतिशत लक्ष्य ही पूरा हुआ है। हालांकि दीपावली के बाद धान की खरीद में काफी तेजी आई है। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि जिलाधिकारी ने रविवार को भी जनपद के सभी धान क्रय केंद्रों पर धान की खरीद करने की अनुमति दे दी है। इसके लिए शाम को ही लखनऊ मुख्यालय को अवगत कराकर रविवार को खरीद के लिए पोर्टल में बदलाव कराया गया। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि सभी केंद्र प्रभारी रोजाना की तरह केंद्र खोलेंगे और किसान अपना धान आकर बेच सकते हैं।