मुरादाबाद। थाना कटघर क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति ने मोहल्ले के ही एक युवक पर 16 वर्षीय पुत्री को फुसलाकर ले जाने, उससे दुष्कर्म करने, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने और किशोरी के साथ छत से कूदकर फरार होने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थानाक्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि मोहल्ले का ही एक युवक शनिवार रात करीब 12 बजे उसकी 16 वर्षीय पुत्री को बहला फुसला कर अपने घर ले गया। वहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। वहीं, किशोरी को घर से गायब देख परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। किशोरी के परिजन जब आरोपी युवक के घर पहुंचे तो वह किशोरी के साथ छत से नीचे कूद गया, जिसमें किशोरी घायल हो गई। जबकि आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। कटघर थाना प्रभारी ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक जितेंद्र के खिलाफ किशोरी को बहला फुसला कर ले जाने, दुष्कर्म करने तथा मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।