मुरादाबाद। ओमिक्रॉन संक्रमित के साथ हवाई सफर करने वाले शहर के एक ही परिवार के चार सदस्यों का स्वास्थ्य विभाग ने कोविड का सैंपल लिया है। चारों सदस्य करीब आठ दिन पहले लंदन से लौटे हैं। इसमें तीन युवतियां और एक युवक शामिल हैं, जो भाई-बहन हैं। जिस फ्लाइट से चारों लौटे हैं, उसमें सवार एक यात्री जांच में ओमिक्रॉन पॉजिटिव निकला है। विभाग का दावा चारों पहले से ही होम क्वारंटीन में थे।
शहर के एक मोहल्ला निवासी तीन बहनें 13 दिसंबर को अपने भाई के साथ लंदन से मुरादाबाद लौटीं हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सभी यात्रियों की कोविड की जांच कराई गई थी। इसमें दिल्ली के वसंत विहार निवासी एक यात्री कोरोना संक्रमित पाया गया। बाद में जीनोम सिक्वेंसिंग की जांच कराई गई। रविवार को आई रिपोर्ट में दिल्ली का यात्री ओमिक्रॉन पॉजिटिव पाया गया।
इसके बाद दिल्ली सर्विलांस टीम ने फ्लाइट में सवार सभी यात्रियों की सूची संबंधित सूबे को भेज दी है। जानकारी होने पर मुरादाबाद की सर्विलांस टीम ने लंदन से लौटे भाई-बहनों का सोमवार को सैंपल कराया। चारों भाई-बहन जिला सर्विलांस टीम की निगरानी में होम क्वारंटीन में हैं। विभाग को सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है।
- एक ही परिवार के चार सदस्य लंदन से लौटे हैं। जिस हवाई जहाज से चारों दिल्ली आए थे, उसमें सवार दिल्ली के एक यात्री की ओमिक्रॉन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसलिए चारों का सैंपल लिया गया है। उनकी सेहत पर नजर रखी जा रही है। - डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव, जिला सर्विलांस अधिकारी
विदेश से लौटने वालों का आठ दिन बाद कराया जा रहा सैंपल
मुरादाबाद। कोविड गाइड लाइन के मुताबिक विदेश यात्रा से लौटने वालों की आठ दिन बाद सैंपल कराया जा रहा है। चारों भाई-बहन 13 दिसंबर को लंदन से लौटे हैं। सोमवार को उनकी आठ दिन की अवधि पूरी हुई थी। इससे पहले हवाई सफर में साथ रहे एक यात्री ओमिक्रॉन संक्रमित निकल आया।
शादी में शामिल तीन परिवारों की होगी कोविड जांच
मुरादाबाद। शहर के एक होटल में आयोजित शादी समारोह में शामिल तीन परिवारों के सदस्यों की कोविड जांच कराई जाएगी। छह दिसंबर को रामपुर से मुरादाबाद एक बरात आई थी। शादी के बाद दूल्हे के पिता की तबीयत खराब हो गई। परिजनों ने बरेली में भर्ती कराया। जहां जांच में वह रविवार को कोरोना संक्रमित पाए गए। इस संबंध में सीएमओ रामपुर ने मुरादाबाद सीएमओ को पत्र जारी कर संक्रमित के संपर्क में रहे तीन परिवारों की जानकारी दी। सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि संक्रमित के क्लोज कांटेक्ट में रहे होलिका मैदान लाइनपार निवासी एक और बुद्धि विहार के दो परिवारों के सदस्यों का मंगलवार को सैंपल कराया जाएगा।