मुरादाबाद। मौसम साफ होने के बाद क्रय केंद्रों पर फिर से गेहूं खरीद में तेजी आ गई है। क्रय केद्रों पर सोमवार को 1600.35 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया। हालत ये है कि किसानों का केंद्र पर जमावड़ा लगने लगा है। भीड़ रोकने को टोकन व्यवस्था से गेहूं लिया जा रहा है। शहर के क्रय केंद्र पर श्रमिक संख्या भी बढ़ा दी गई है।
सोमवार को शहर की मंडी में स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर ट्रैक्टर ट्रॉलियों का जमावड़ा लगा था। क्रय केंद्र प्रभारी अर्चना शर्मा ने बताया कि मौसम खुलने पर गेहूं की काफी अधिक आवक बढी है। उनके क्रय कें द्र में तीन दिन से 200 क्विंटल से अधिक गेहूं की आवक प्रतिदिन है। सोमवार को भी आठ किसान ट्रॉलियों से गेहूं बेचने आए। मूंढापांडे स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर मौसम खुलते ही गेंहू बेचने के लिए किसानों का जमावड़ा शुरू हो गया है। ट्रैक्टर ट्रॉलियां लेकर किसान गेहूं बेचने पहुंच रहे हैं। केंद्र प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पिछले तीन दिनों में उनके केंद्र पर 270 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। गेहूं बेचने के लिए किसान पहले संपर्क करते हैं इसके बाद गेहूं लाने के एक तिथि निर्धारित की जाती है ताकि किसानों को गेंहू बेचने के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े और केंद्र पर भीड़ भी न हो। सामजिक दूरी का पालन भी हो सके। जिले में 17 मई को एक दिन में कुल 1438.29 मीट्रिक टन खरीद हुई थी। जबकि 24 मई को मौसम साफ होेने की वजह से खरीद बढ़ी। दिन भर में क्रय केंद्रों पर 1600.35 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया। एक सप्ताह में ही जिले में करीब नौ हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है।
मंडी के क्रय केंद्र पर बढ़ाए गए श्रमिक
शहर के मंडी स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर किसानों की संख्या बढ़ी है। गेहूं साफ करने और तौल करने वाली श्रमिक संख्या बढ़ा दी गई है। केंद्र प्रभारी ने बताया कि भीड़ होने तक अस्थायी तौर पर श्रमिक बढ़ाए गए हैं। ताकि किसानों को परेशानी न हो।
सर्वर भी दिखा रहा नखरे
मूंढापांडे केंद्र प्रभारी ने बताया कि इंटरनेट की कनेक्टिविटी की समस्या के साथ सर्वर भी परेशानी कर रहा है। ई-पॉश मशीन का सर्वर काफी दिक्कत कर रहा है। इस वजह से खरीद के समय एंट्री करने में थोड़ा समय लग रहा है। इस ई-पॉश मशीन से ही किसान की सभी एंट्री होती हैं।
गेहूं खरीद में लगतार तेजी आ रही है। जिले में अब तक 41 हजार एमटी से अधिक खरीद हो चुकी है। जिले के 73 में से 70 केंद्रों पर पॉश मशीन की व्यवस्था हो चुकी है। इनमें आने वाली तकनीकी खराबी को ठीक कराने के लिए उनके कार्यालय में कंपनी का एक इंजीनियर बैठता है। उसका नंबर सभी केंद्रों को दे दिया गया है। यदि पॉश मशीन ,सर्वर में परेशानी है तो उसके नंबर पर कॉल करके ठीक करा लें।
× संजीव कुमार, डिप्टीआरएमओ