मुरादाबाद। कटघर थाना पुलिस ने प्रेम वंडर लैंड के पीछे रेलवे ट्रैक किनारे तीन जनवरी को एक छोला-पूड़ी विक्रेता के मिले शव के मामले में अदालत के आदेश पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मुगलपुरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला गुइयांबाग निवासी शमीम (52) छोला-पूड़ी का ठेला लगाने का काम करता था। दो जनवरी की रात करीब आठ बजे वह ऑटो में सवार होकर मोहल्ले में ही रहने वाले सलीम के नवासे के हकीके की पार्टी में शामिल होने एक होटल में गया था। लेकिन रात दस बजे तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार वालों ने फोन किया तो वह स्विच ऑफ बताने लगा। परिवार वाले रात भर उसे तलाश करते रहे। तीन जनवरी की सुबह कुछ लोगों ने रेलवे ट्रैक किनारे शव पड़ा होने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिवार वालों ने शव की शिनाख्त की और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने परिवार वालों की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस ने उसी समय हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था। इस पर मृतक के पुत्र समीर ने अदालत में अर्जी दाखिल की थी।
कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि अदालत के आदेश के बाद अज्ञात के खिलाफ शमीम की हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।