संभल थाना क्षेत्र में दो बाइकों की भिड़ंत में रहरा थाना क्षेत्र के मदारीपुर गांव निवासी अमरीन (25) और उसकी एक वर्षीय बेटी इनाया की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार हिरौनी गांव निवासी अभिषेक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए रेफर किया गया है।
अमरोहा जनपद के रहरा थाना क्षेत्र के गांव मदारीपुर निवासी अकील अहमद सोमवार की शाम थाना धनारी के सुल्तानपुर स्थित अपनी ससुराल आ रहा था। पत्नी अमरीन और मासूम बेटी इनाया बाइक पर साथ थे। भिरावटी-धनारी मार्ग पर जब इनकी बाइक राधा स्वामी सत्संग भवन के समीप पहुंची। उसी समय धनारी से आ रहे हिरौनी गांव निवासी अभिषेक की बाइक ट्रैक्टर को ओवरटेक करते हुए सामन से इनकी बाइक में टकरा गई। हादसे में अमरीन और उसकी बेटी इनाया और दूसरी बाइक पर सवार अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अमरीन का पति अकील मामूली रूप से चोटिल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। यहां अमरीन और उसकी बेटी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अभिषेक को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों के शवों को पीएम के लिए भेजा है। हादसे के बाद अमरीन के मायके और ससुराल का माहौल गमगीन हो गया।