बिलारी के रुस्तम नगर सहसपुर गांव निवासी राजू सक्सेना (25) की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसका शव गेहूं के खेत में पड़ा मिला। एसपी देहात संदीप कुमार मीना और सीओ ने मौके का मुआयना किया। इस दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से फिंगर और फुट प्रिंट के साक्ष्य उठाए। सहसपुर गांव निवासी राजेंद्र सक्सेना का दूसरे नंबर का बेटा राजू सक्सेना गांव में ही मजदूरी करता था।
एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने मामले को लेकर मृतक के पिता राजेंद्र से भी बातचीत की। राजेंद्र ने बताया कि उसके बेटे की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। शनिवार रात को घर नहीं लौटने पर उसकी काफी तलाश की थी। शव रविवार सुबह गेहूं के खेत में पड़ा मिला। वहीं एसपी देहात ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीम का गठन कर दिया है।
सीओ राजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह पता चलेगी। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड की मदद से घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शुरुआती जांच में पुलिस राजू के दोस्तों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि राजू को उसकी मजदूरी के 800 रुपये मिले थे, लेकिन तलाशी के दौरान उसके पास नहीं मिले। पुलिस को शक है कि मजदूरी के पैसे लेकर राजू किसी परिचित के साथ जंगल में गया होगा।
यहां रुपये छीनने को लेकर विवाद हुआ होगा। जिसमें राजू की मौत हो गई। वहीं पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वालों की संख्या भी एक से अधिक हो सकती है।