फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुरादाबाद: एसएसपी आवास के पास टीआई और इंस्पेक्टर के बेटे ने की बमबाजी, युवकों पर किया था हमला, तीनों गिरफ्तार

Sun, 17 Sep 2023 10:25 AM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद

सार

सिविल लाइंस क्षेत्र में एसएसपी आवास के पास इंस्पेक्टर और पुलिसकर्मियों के बेटों ने दबंगई दिखाते हुए बमबाजी और फायरिंग की। इसमें तीन युवक घायल हो गए। बमबारी में एक युवक के हाथ के चिथड़े उड़ गए। उसका दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
सिविल लाइन थाने पहुंचे पीड़ित के परिजन - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सिविल लाइंस क्षेत्र में एसएसपी आवास के पास शुक्रवार रात करीब बारह बजे इंस्पेक्टर, टैफिक इंस्पेक्टर (टीआई) और पुलिसकर्मियों के बेटों ने सरेआम दबंगई दिखाते हुए बमबाजी और फायरिंग कर दी। इसमें तीन युवक घायल हो गए। बमबारी में एक युवक के हाथ के चिथड़े उड़ गए। घटना पुलिसकर्मियों के बेटों से जुड़ा होने के कारण अफसर मामले में पर्दा डालने की कोशिश करते रहे। एसएसपी के आदेश के बाद आरोपी दीपू यादव, ललित और अर्जुन बोरा को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

विज्ञापन

हमलावरों में पुलिस कर्मियों के बेटे शामिल हैं। विष्णु का जिला अस्पताल और पीयूष का दिल्ली स्थित एम्स में उपचार चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में घायल पीयूष के अलावा अमरोहा क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर राजपाल सिंह के बेटे, टीआई राजेश सिंह यादव के बेटे समेत चार नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

नागफनी क्षेत्र के बंगला गांव निवासी विष्णु पाल सिविल लाइंस क्षेत्र में साड़ी शोरूम में नौकरी करता है। उसने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब बारह बजे वह अपने दोस्त बाॅबी के जन्मदिन की पार्टी करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। पीलीकोठी चौराहे के पास मॉडल शॉप के सामने पुलिस लाइन निवासी अर्जुन उर्फ सन्नी गुर्जर, दीपू यादव, सीएल गुप्ता बाग कांशीरा नगर निवासी ललित और नागफनी के बंगला गांव निवासी पीयूष अपने अन्य साथियों के साथ आ गए।

उन्होंने हमें पकड़ लिया और पीटना शुरू कर दिया। उनके हाथों में तमंचे और देसी बम थे। इस दौरान आरोपियों ने तमंचों से फायरिंग की और बम से हमला किया। जिसमें विष्णु घायल हो गया। उसके दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं हैं। उधर पीयूष के पिता पप्पू ने बताया कि उसका बेटा काशीपुर में चश्मे की दुकान पर काम करता है।

वह ट्रेन से उतरने के बाद घर लौट रहा था। पीलीकोठी चौराहे के पास कुछ युवकों ने बम से हमला कर दिया। जिससे उसके एक हाथ के चिथड़े उड़ गए हैं। उन्हें सूचना मिली तो बेटा जिला अस्पताल में भर्ती था। हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। अब एम्स में उपचार चल रहा है।

इन धाराओं में दर्ज किया गया केस

सिविल लाइंस थाने में पुलिस ने घायल विष्णु के चाचा लोकेश की तहरीर पर अर्जुन उर्फ सन्नी गुर्जर, ललित, दीपू यादव, पीयूष के खिलाफ आईपीसी की धारा 147,148,149,323, 307 और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 और 4 में केस दर्ज किया गया है।

बमबारी करने में टीआई और इंस्पेक्टर के बेटे भी शामिल

पुलिस की अब तक जांच में सामने है कि आरोपी अर्जुन उर्फ सन्नी के पिता राजपाल सिंह अमरोहा क्राइम ब्रांच में इंस्पेक्टर हैं। दीपू के पिता राजेंद्र सिंह यादव ट्रैफिक इंस्पेक्टर और ललित के पिता गणेश सागर भी पुलिस विभाग में हैं। इसके अलावा पीयूष का एक भाई भी सिपाही बताया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान कर रही है।
विज्ञापन

दूसरे पक्ष ने नहीं दी तहरीर

सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि एक पक्ष की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष की तहरीर मिलने पर भी कार्रवाई की जाएगी। आस पड़ोस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिससे घटना की तह तक जाने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें