जीएसटी 0चोरी कर ट्रेनों से सामान लाने वालों के खिलाफ विभाग ने अभियान चलाया। राज्य कर अधिकारी यात्री बनकर मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर गए थे। इसके बाद सामान को पकड़ लिया गया। बरामद माल की कीमत दस लाख रुपये से अधिक है।
राज्य कर की टीमों ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर छापा मारकर तीन ट्रेनों से लाए गए 65 नग स्क्रैप और होजरी बरामद किया। टीम में शामिल अधिकारियों का कहना था कि 48 नग माल दलालों ने गायब कर दिया था, लेकिन रेलवे अधिकारियों की मदद से पकड़ा गया। बरामद माल की कीमत दस लाख रुपये से अधिक है।
रेलवे प्लेटफार्म पर सीज 65 नग माल में से 48 नग माल गायब होने पर राज्य कर अधिकारियों के होश उड़ गए। आनन फानन में जीआरपी और रेल प्रशासन की मदद ली गई। रेलवे अधिकारियों की मदद से रात तीन बजे अन्य प्लेटफार्म से माल बरामद होने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद पता चला कि माल दलालों ने गायब कराया था। बरामद माल में ब्रास, एल्युमिनियम, कॉपर और होजरी के माल शामिल हैं। अब इस मामले में संबंधित व्यवसायियों को माल पहचानने के लिए बुलाया जाएगा।
जीएसटी चोरी का माल पकड़ने के लिए राज्य कर के अधिकारी यात्री बनकर प्लेटफार्म पर गए थे। ट्रेनों से माल उतरने के बाद पूरी तरह परख लिया था। इसके बाद बताया कि ट्रेनों से उतारा गया माल कर चोरी का है। माल को सीज किया जाएगा। इसके बाद माल लाने वाले दुबक गए। वे अधिकारियों के सामने नहीं आए।
ईमानदार करदाताओं का राज्य कर विभाग स्वागत करेगा, लेकिन कर चोरी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। कार्रवाई जारी रहेगी। -आरए सेठ, एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1, मुरादाबाद