मुरादाबाद में पत्नी को घर की तीसरी मंजिल से धक्का देकर गिराने के मामले में भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष शरद कौशिक समेत चार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि शरद कौशिक, उसकी मां सुषमा बड़े भाई कपिल कौशिक व विवेक कौशिक दहेज के लिए शरद की पत्नी स्नेहा (26) को परेशान करते थे।
स्नेहा के बहनोई आशुतोष शर्मा ने नम आंखों से बताया कि कुछ दिन पहले ही उनके पास स्नेहा का फोन आया था। इसने फोन पर रोते हुए कहा था कि जीजा जी मुझे यहां से ले जाओ, वरना यह लोग मुझे मार देंगे। इतना कहते ही आशुतोष बिलख पड़े। स्नेहा के पिता असमोली निवासी मनोज शर्मा ने बताया कि रविवार की रात भी बेटी ने फोन पर मारपीट की जानकारी दी थी।
कुछ देर बाद ही छत से गिरने की सूचना आई, वह अस्पताल पहुंचे तो उन्हें बेटी मृत अवस्था में मिली। स्नेहा के बड़े भाई मोहित शर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने सोमवार देर शाम स्नेहा के शव का अंतिम संस्कार किया।
शरद कौशिक व उसके परिजनों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपी फरार हैं, हमारी टीम उनकी तलाश में दबिश दे रही है। आसपास के लोगों से बात की जा रही है। - कुमार रणविजय सिंह, एसपी सिटी
शरद कौशिक भाजपा युवा मोर्चा में उपाध्यक्ष के पद पर हैं। घटना की जानकारी हमें मिली है। पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है, आरोपों की पुष्टि होने तक संगठन की ओर से कार्रवाई के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। - अरुण पंडित, जिलाध्यक्ष भाजयुमो