मूंढापांडे में घूस लेते पकड़ा जा चुका है जिला खनन अधिकारी
दस साल पहले रामपुर में जिला खनन अधिकारी रहे अभय रंजन को मूंढापांडे के दलपतपुर में 25 हजार रुपये घूस लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। रामपुर के पनवड़िया में निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर मिट्टी भराई का काम मूंढापांडे के रामपुर भीला निवासी मुदस्सिर करा रहे थे।
उन्हें करीब दस हजार घनमीटर मिट्टी की रायल्टी जमा करनी थी। इसके लिए मुदस्सिर ने 16 सितंबर 2014 को आवेदन किया, लेकिन उन्हें रायल्टी जमा करने का चालान नहीं दिया गया। इसके लिए 25 हजार रुपये की घूस मांगी गई।
खनन अधिकारी अभय रंजन को दलपतपुर स्थित पराग फैक्टरी के मिल्क बार में एक अक्तूबर 2014 को मुदस्सिर ने जैसे ही 25 हजार रुपये दिए तुरंत एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने पकड़ लिया था। इस मामले में मूंढापांडे थाने में केस दर्ज किया गया था।
घूसकांड के ढाई माह पहले ही अभय रंजन मुरादाबाद से ट्रांसफर होकर रामपुर गया था। मुरादाबाद में तैनाती के दौरान उनके पास अमरोहा और बिजनौर का चार्ज भी था। शिकायतों के बाद ही उनका रामपुर ट्रांसफर किया गया था।