एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को अगवानपुर चौकी पर तैनात दरोगा महेश पाल सिंह को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी हेमराज मीना ने दरोगा को निलंबित कर दिया। दरोगा की शिकायत ठेका लेकर मकान बनवाने विशनपुर भीमाठेर गांव निवासी निजार खां ने टीम से की थी।
शस्त्र लाइसेंस के लिए पुलिस रिपोर्ट लगाने के एवज में पांच हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया दरोगा महेश पाल सिंह निजार खां को तीन माह से पुलिस चौकी के चक्कर लगवा रहा था। दरोगा को निजार द्वारा इस मामले में पूर्व में की गई दो सिपाहियों की शिकायत की जांच सौंपी गई थी।
हालात देखकर निजार ने एंटी करप्शन टीम की मदद ली। विशनपुर भीमाठेर गांव निवासी निजार खां ने बताया कि पूर्व में दो सिपाहियों ने उनके शस्त्र लाइसेंस के आवेदन पर सही रिपोर्ट लगाने के बजाय उसे खारिज कर दिया था।
सिविल थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि दरोगा पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दरोगा को बरेली स्थित कोर्ट में पेश किया जाएगा।
दरोगा महेश पाल सिंह बतौर सिपाही पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। पदोन्नति के बाद वह दारोगा बना। सिपाही के पद पर भी अगवानपुर चौकी क्षेत्र में तैनाती रही थी। वर्तमान में अगवानपुर चौकी में एक साल से दरोगा के पद पर तैनाती थी। दरोगा मूलरूप से बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के पलभा गांव का रहने वाला है।