मुरादाबाद स्थित कांठ थाना क्षेत्र के बेगमपुरा गांव में मंगलवार देर रात लूट के विरोध में किसान के बेटे को गोली मार दी गई। इस घटना में वह घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि थाने में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कांठ थाना क्षेत्र के ग्राम बेगमपुर निवासी अमीर सिंह के घर में मंगलवार की रात को आधा दर्जन बदमाश हथियारों से लैस होकर पहुंचे और उन्होंने लूटपाट शुरू कर दी। जब गृह स्वामी के बेटे मोहित कुमार ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने मोहित के गले में गोली मार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
फायर होने की आवाज पर पड़ोसी आ गए तो बदमाश तमंचा लहराते हुए फरार हो गए इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया।
थाना प्रभारी सुरेश पाल सिंह ने बताया कि इस मामले में तीन नामजद समेत कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। मामला दोनों पक्षों में पुराने विवाद का सामने आ रहा है।