मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र के मल्लीवाला गांव के जंगल में बुधवार शाम महिला इंद्रो देवी की हत्या की गई थी। बृहस्पतिवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। गला और मुंह दबाने के कारण इंद्रो देवी की दम घुटने से मौत हुई थी। जबकि किसान जहर खाने के बाद फंदे से लटका था।
बृहस्पतिवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव घर लाए गए। सुबह से ही घर में रिश्तेदारों व ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। शाम करीब चार बजे दोनों शवों को पट्टी मौढ़ा स्थित आवास से एक ही अर्थी पर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। परिजन गमगीन माहौल में शवों को रामगंगा तट पर ले गए, जहां एक ही चिता पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।
दंपती के बड़े बेटे दुष्यंत ने मुखाग्नि दी। इस दौरान सीओ ठाकुरद्वारा राजेश तिवारी, थाना प्रभारी निरीक्षक कांठ योगेंद्र कुमार सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम जयदेव सिंह यादव भारी फोर्स के साथ मौजूद रहे। वहीं दंपती की मौत से उसके बड़े बेटे दुष्यंत, छोटे बेटे टीकम सिंह, पुत्रवधू कविता सहित सभी परिजनों सदमे में हैं।