कुंदरकी गांव अहमद नगर जैतवाड़ा में खूंखार कुत्तों ने तीन मासूम बच्चों को काटा और बुरी तरह जख्मी कर दिया। घटना के समय तीनों बच्चे रिजवान(4), अली आजम(6) व अब्दुल्ला (3) अपने घरों के बाहर खेल रहे थे। कुत्तों ने दौड़कर तीनों को काटा और उनका मांस नोच लिया। आसपास के लोगों ने दौड़कर कुत्तों को भगाया।
जिला अस्पताल के आंकड़े के मुताबिक रोजाना 100 से ज्यादा लोग एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं। शहर की गलियों से लेकर गांवों की सड़कों तक कुत्तों का आतंक है। नगर निगम से लेकर ग्राम पंचायतों के जिम्मेदार कुत्तों के बधियाकरण के नाम पर सिर्फ कागजों में रिकॉर्ड मेंटेन कर रहे हैं।
शहर में नगर निगम ने जिस कंपनी को कुत्तों के बधियाकरण का ठेका दिया है, उसे हर दिन 15 कुत्तों का बधियाकरण करने का लक्ष्य था। जबकि शहर में विभिन्न कॉलोनियों के लोगों का कहना है कि नगर निगम की ओर से कोई टीम कुत्तों को पकड़ने या बधियाकरण करने नहीं पहुंचती।