मुरादाबाद में महिलाओं से छेड़खानी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। इस पर लगाम लगाने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। बड़ी बात यह है कि इन घटनाओं के केस भी दर्ज करने में पुलिस आनकानी करने लगी है। इससे पीड़ितों की परेशानी बढ़ रही है।
मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना में रहने वाली छात्रा ने सहपाठी पर अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता रामगंगा विहार के एक विद्यालय में 12वीं कक्षा की छात्रा है। उसने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसी विद्यालय में पढ़ने वाला निहाल नाम का युवक छात्रा के मोबाइल पर कई दिन से आपत्तिजनक मैसेज भेज रहा है।
मझोला थाना क्षेत्र की एक सोसायटी में नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ ईंट भट्ठा मालिक ने छेड़खानी कर दी। छात्रा यहां फ्लैट में रहकर पढ़ाई कर रही है जबकि आरोपी भी दो माह पहले ही सोसायटी में शिफ्ट हुआ था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। रामपुर के शाहबाद थाना क्षेत्र में रहने वाले डॉक्टर की बेटी मझोला क्षेत्र में एक पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ती है।
पिता ने बताया कि बेटी को रोज आने जाने में दिक्कत न हो। इसके लिए उन्होंने बेटी को नया मुरादाबाद स्थित एक सोसायटी में फ्लैट किराये पर दिला दिया है। छात्रा के साथ एक एक और लड़की रहती है। पीड़िता के पिता ने बताया कि 25 अक्तूबर की दोपहर करीब तीन बजे बेटी अपने फ्लैट से सामान खरीदने के लिए जा रही थी।