गाजियाबाद की सीबीआई टीम ने शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे यूपी ग्रामीण प्रथमा बैंक की सरकड़ा खास विश्नोई शाखा में छापा मारा। टीम ने बैंक मैनेजर सचिन पैसल और उसके सहयोगी मुकेश कुमार को एक लाख 82 हजार रुपये के साथ पकड़ लिया। इसमें दो हजार रुपये रिश्वत के थे। आरोप है कि मैनेजर ने किसान से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की फाइल पास करने के नाम पर चार हजार की रिश्वत मांगी थी।
मैनेजर के आवास में भी पहुंची टीम, पिता रह चुके हैं सभासद
मैनेजर सचिन पैसल मूलरूप से पाकबड़ा के गांव लोधीपुर राजपूत का रहने वाला है। वह वर्तमान में अमरोहा की आवास विकास कॉलोनी में परिवार के साथ रहता है। सचिन करीब दो माह से सरकड़ा खास विश्नोई स्थित बैंक शाखा में मैनेजर के पद पर तैनात है। टीम मैनेजर और उसके सहयोगी मुकेश को पकड़कर गाजियाबाद ले गई है। पकड़े गए मैनेजर के पिता अमरोहा में सभासद रह चुके हैं।
एक दिन पहले ही मुरादाबाद पहुंच गई थी टीम
सीबीआई की टीम एक दिन पहले की गाजियाबाद से मुरादाबाद पहुंच गई थी। टीम में छह सदस्य थे। टीम के सदस्य लगातार किसान अमित के संपर्क में रहे। शुक्रवार सुबह टीम डिलारी क्षेत्र में पहुंच गई थी। प्लानिंग के तहत मैनेजर और उसके सहयोगी को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला है कि सहयोगी मुकेश ही किसानों से डील करता था।