कटघर क्षेत्र में रहने वाले स्क्रैप कारोबारी फिरोज आलम से सवा करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी दो ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कारोबारी को प्लांट का स्क्रैप बेचने का झांसा देकर सवा करोड़ रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
कटघर के मोहल्ला लाल नगरी निवासी फिरोज आलम ने चार दिसंबर 2018 को कटघर थाने में मध्यप्रदेश के इंदौर के मोहल्ला महु निवासी मोहम्मद सईद, अनीस और लखनऊ के कैसरगंज क्षेत्र के द्वितीय मंजिल कृष्णा टावर पंडित पुर्वा निवासी शाह मोहम्मद के खिलाफ केस दर्ज कराया था। फिरोज ने बताया कि रॉयल ट्रेडर्स नाम से उनकी फर्म है।
शाह मोहम्मद के जरिए सईद और अनीस ने फिरोज आलम से संपर्क किया था। जिसमें आरोपियों ने बताया कि लखनऊ में उनका प्लाट है। जिसका स्क्रैप वह बेचना चाहते हैं। साढ़े 18 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से सौदा तय हो गया था। आरोपियों ने पीड़ित से अलग अलग तारीख में सवा करोड़ रुपये ले लिए थे।
रकम लेने के बाद आरोपियों ने माल की सप्लाई नहीं की। पीड़ित ने जानकारी की तो पता चला कि प्लांट आरोपियों का नहीं है। इसके बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। कटघर थाना प्रभारी तेजवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में मोहम्मद सईद और मोहम्मद अनीस को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी हैं। दोनों को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।