Moradabad: डंपर ने बाइक सवार को रौंदा...मौके पर ही मौत, अनियंत्रित होकर घर में घुसा वाहन, लोगों ने लगाया जाम
Tue, 09 Jul 2024 06:02 PM IST
विमल शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, (मूंढापांडे) मुरादाबाद
सार
मूंढपांडे में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। हादस के बाद अनियंत्रित हुआ डंपर घर में घुस गया। घटना से नाराज लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा काटा।
दलपतपुर- अलीगंज मार्ग पर दलपतपुर के पास तेज रफ्तर डंपर ने सामने से आ रही बाइक सवार को रौंद दिया। इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर तसलीम के घर में घुस गया।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि जान गंवाने वाले की पहचान नरखेडा निवासी जुनैद (20) के तौर पर हुई। वह गांव में फलों का ठेला लगता था। सोमवार सुबह वह बाइक से मुरादाबाद स्थित मंडी में आम लेने के लिए निकला।
उसके पिता बाबू की 15 वर्ष पहले लखनऊ हाईवे जीरो प्वाइंट पर हादसे में मौत हो गई थी। जुनैद ही फल बेचकर मां, भाई, का भरण-पोषण करता था। घटना की जानकारी पर परिजन तथा अन्य लोग मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर खनन से लदे वाहन अनियंत्रित तरीके से दौड़ रहे हैं। इनके खिलाफ पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। स्थानीय लोगों ने जाम लगाते हुए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए प्रदर्शन किया।
एसडीएम और सीओ हाईवे ने लोगों को शांत करवा जाम खुलवाया। एसएचओ आरपी शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वाहन चालक को हिरासत में ले लिया गया है।