मुरादाबाद। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर चोरों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार शाम एक चोर ने स्टेशन के बुकिंग हॉल में टिकट काउंटर पर खड़े दो यात्रियों के मोबाइल चोरी कर लिए। जितनी देर में यात्रियों को मोबाइल चोरी का आभास हुआ था तब तक चोर वहां से फरार हो चुका था। हालांकि घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर जीआरपी आरोपी चोर की तलाश में जुट गई है।
सोमवार शाम छह बजे मुरादाबाद लाइनपार निवासी अमित कुमार मुरादाबाद से दिल्ली जाने के लिए आरक्षण कराने आए थे। आरक्षण काउंटर के पास वह अपनी पत्नी के साथ खड़े थे, इसी बीच चोर ने उनका हाथ से मोबाइल साफ कर दिया। जब उन्होंने इधर-उधर ढूंढने की कोशिश की तो पता चला वहीं एक और यात्री जोकि आरक्षण कराने आए थे, उनका भी मोबाइल चोरी हो गया है।
दूसरे यात्री अख्तर मलिक निवासी जिगर कॉलोनी का कहना है कि वह मुरादाबाद से देहरादून जाने के लिए आरक्षण कराने स्टेशन पर आए थे। काउंटर पर लाइन में लगे थे तो मोबाइल उनके हाथ में ही था लेकिन उन्हें खबर भी नहीं हुई कि कब गायब हो गया। इसके बाद दोनों यात्रियों ने जीआरपी थाने में जाकर तहरीर दी।
पुलिस ने स्टेशन के बुकिंग हॉल में लगे सीसीटीवी की मदद ली। फुटेज में एक युवक दोनों यात्रियों के मोबाइल चुराता नजर आ रहा है। जीआरपी थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे आरोपी कि तलाश की जा रही है।