भगतपुर के चक ठिरियादान निवासी प्रमोद कुमार की मौत पर विलाप करते परिजन
- फोटो : THAKURDWARA
मुरादाबाद-टांडा मार्ग पर शुक्रवार सुबह ट्रक ने साइकिल सवार मजदूर को टक्कर मार दी। हादसे में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
भगतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चक ठिरियादान निवासी प्रमोद कुमार (28) पुत्र राम कृपाल सिंह शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे जनपद रामपुर के टांडा में मजदूरी करने के लिए साइकिल से जा रहा था। जैसे ही वह थाना टांडा क्षेत्र में कुछ दूरी पर पहुंचा तभी ट्रक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। तभी रास्ते में प्रमोद कुमार की मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि प्रमोद कुमार का एक डेढ़ वर्ष का पुत्र है। वह अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था।