डिलारी/मुरादाबाद। डिलारी थानाक्षेत्र में बुधवार शाम लगभग साढ़े चार बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक सराफ से तमंचे के बल पर जेवर और नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने सराफ की पिटाई भी की। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर डिलारी थाने की पुलिस पहुंच गई और बदमाशों की तलाश में जुट गई।
पुलिस के मुताबिक, डिलारी थानाक्षेत्र के जटपुरा गांव निवासी मोहित वर्मा की मासूमपुर गांव में सोने चांदी के जेवर बेचने की दुकान है। मोहित ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे दुकान बंद करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने अपना बैग कंधे पर टांग रखा था। इसमें जेवर, नकदी और लैपटॉप थी। मासूमपुर और जटपुरा गांव के बीच रास्ते में तीन युवक दिखाई थी। एक के हाथ में हेलमेट था। कुछ ही दूर पर बाइक भी खड़ी थी। युवकों ने हाथ से इशारा कर मोहित से बाइक रुकवाने का प्रयास किया।
मोहित ने बताया कि उन्हें कुछ शक हुआ और उन्होंने बाइक नहीं रोकी। इसके बाद बदमाशों ने पीछा कर ओवरटेक कर बाइक गिरा दी। तीनों बदमाशों ने मोहित को तमंचे का भय दिखाकर बैग छीन लिया। मोहित ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट भी की गई। मोहित ने बताया कि आरोपियों ने उनका मोबाइल भी छीन लिया। इसके बाद बदमाश गोली मारने की धमकी देकर जटपुरा की ओर भाग गए। बदमाशों के चले जाने के बाद मोहित ने राहगीर से मोबाइल लेकर यूपी 112 और अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में पुलिस और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। देर रात पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विद्या सागर मिश्र ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। सराफ की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।
बाइक की चाबी निकालकर ले गए बदमाश
मुरादाबाद। मोहित ने पुलिस को बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश उनकी बाइक की चाबी और मोबाइल भी अपने साथ ले गए। साथ ही बदमाशों ने मोहित को धमकी दी कि अगर उसने शोर मचाया तो वह वापस आ जाएगी और गोली मार देंगे। घटना से डरे सहमे सराफ ने काफी देर तक घटना की सूचना नहीं दी थी।
केस में चांदी के जेवर का जिक्र, सोने के जेवर को लिखा पीला धातु
मुरादाबाद। पुलिस ने सराफ मोहित वर्मा की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जिसमें मोबाइल, तीन चार चांदी की चेन और कुछ नाक के फूल के अलावा पीले धातु के दो हार लिखे हैं। बताया जा रहा है कि जिसे पीले धातु का हार लिखा है। वो वास्तव में सोने के हार हैं। जिसकी कीमत लाखों में होती है।