मुरादाबाद। मझोला और सिविल लाइंस की संयुक्त टीम ने अवैध शस्त्र फैक्टरी का खुलासा किया है। पुलिस ने तमंचे बनाने वाले आरोपी शुहेब और तीन सप्लायर गिरफ्तार किए हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से तमंचे और तमंचे बनाने के उपकरण भी बरामद कर लिए।
आरोपी शुहेब ने पुलिस पूछताछ में कबूला है कि वह गोकशी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने मांस और गोकशी पर नकेल कसी तो उसने यूट्यूब से तमंचा बनाने का हुनर सीख लिया। इसके बाद वह खुद तमंचा बनाकर तीन-तीन हजार रुपये में बेचने लगा था। पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद ने बताया कि सिविल लाइंस थाने की पुलिस ने गन्ना भवन के पास से आरोपी मुनीर निवासी दौलतबाग थाना नागफनी और सलमान निवासी रहमतनगर थाना कटघर को हिरासत में ले लिया। तलाशी में इनके पास से दो अवैध तमंचे और तीन कारतूस बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में सलमान ने बताया कि उसने यह तमंचा और कारतूस 4500 रुपये में मुनीर से खरीदा है, जबकि मुनीर ने बताया कि वह शुहेब निवासी करूला थाना कटघर से तीन हजार रुपये में खरीदकर लगाया था।
इसके बाद सिविल लाइंस पुलिस ने मझोला पुलिस को साथ लेकर नई आबादी पेठे वाली गली मे खाली पड़े मकान में मोहम्मद शुहेब निवासी करूला थाना कटघर को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा एक अन्य सप्लायर जीकन निवासी मुगलपुरा अब्बासी वाली मस्जिद थाना मुगलपुरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में शुहेब ने बताया कि वह गोकशी के मामले में जेल भेजा गया था। जेल से छूटने के बाद उसने कुछ दिन मांस की तस्करी की, मगर पुलिस की सख्ती को देखते हुए मांस की तस्करी बंद कर दी। इसे बाद उसने यूट्यूब से तमंचा बनाना सीख लिया। इसके बाद उसने मझोला क्षेत्र में खाली पड़े मकान में तमंचा बनाने लगा। वह तीन तीन हजार रुपये में ऑन डिमांड तमंचा बना रहा था।
00000
इनके कब्जे से यह सामान हुआ बरामद
मुरादाबाद। 04 तमंचा 315 बोर, 02 कारतूस 315 बोर, 03 तमंचे 12 बोर, 05 कारतूस 12 बोर, 01 तमंचा 32 बोर, 03 तमंचे अधबने, 01 खोखा कारतूस खाली, 315 बोर, 24 कारतूस 22 एमएम, 01 दो नाली बंदूक, 01 एयरगन बड़ी व 01 एयरगन छोटी बरामद की गई है।